कोरबा (khabarsamvad.com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, जनसमस्याओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को तेज आंधी व वर्षा की आशंका को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आपदा प्रबंधन की आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन और सेवा सेतु पोर्टल के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को गांवों में मुनादी कराने, निचले और जोखिम वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखने तथा नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने पर पुल-पुलियों से आवागमन रोकने के निर्देश दिए। प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, रोशनी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों व चिकित्सकीय दल की व्यवस्था करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों की प्रसव संभावित गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के सीईओ को आधार पंजीयन से वंचित परिवारों का सर्वे कर गांवों में शिविर लगाने और मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पीवीटीजी परिवारों के सभी सदस्यों का आधार पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। खनन प्रभावित परिवारों के विद्यार्थियों को नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश दिलाने और कम से कम दस पीवीटीजी परिवारों के बच्चों को प्रशिक्षण दिलाने की दिशा में भी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना, किसान सम्मान निधि और जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग को समन्वय से कार्य करने को कहा। धान खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए।
जनसमस्याओं और राशन की गुणवत्ता पर सख्ती
सेवा सेतु पोर्टल के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पसान सहित पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों की शिकायतों पर विशेष ध्यान देने को कहा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में उन्होंने वास्तविक शिकायतों का अनिवार्य रूप से निराकरण करने तथा विशेष परिस्थितियों को छोड़कर शिकायतों को स्पेशल क्लोजर नहीं करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई, नाली, स्ट्रीट लाइट, बिजली के तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उचित मूल्य दुकानों से वितरित चावल की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर जिला स्तरीय समिति गठित कर गोदामों की जांच कराने के निर्देश दिए। गड़बड़ी मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा अपात्र लोगों द्वारा राशन कार्ड बनवाकर खाद्यान्न लेने के मामलों की जांच कर संदिग्ध कार्डधारियों को सूचीबद्ध करने को कहा।
सौर ऊर्जा और लंबित कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने यूएलए मॉडल के तहत 10 नवंबर तक एस्टीमेट तैयार करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। योजना के लिए करीब दस हजार हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित करने और प्रत्येक विकासखंड में कम से कम एक गांव को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी करने को कहा। पीएम जनमन और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण गांवों को भी इसमें शामिल करने के निर्देश दिए। जिला खनिज न्यास के तहत स्वीकृत लेकिन अब तक शुरू नहीं हुए पुराने कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उनकी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। वर्ष 2024 से पहले स्वीकृत अथवा तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित अप्रारंभ कार्यों को नियमानुसार निरस्त कर राशि वापस करने की प्रक्रिया करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों और निर्माण कार्यों से जुड़े लंबित भुगतान दीपावली से पहले सुनिश्चित करने को भी कहा।
दो नवंबर को होगा राज्योत्सव
घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम परिसर में दो नवंबर को आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। स्टॉल आवंटन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच, दर्शक दीर्घा, प्रदर्शनी, कलाकारों के ठहरने, बिजली और पेयजल की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा। जिला मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र पहल करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि गंभीर मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ कार्य करें अधिकारी : कलेक्टर कुणाल दुदावत

