रायपुर (khabarsamvad.com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रोगियों की सेवा को पुण्य कार्य मानकर स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और प्रत्येक नागरिक तक बेहतर उपचार पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नवनियुक्त 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से बड़ी उम्मीद रखते हैं। ऐसे में कर्मचारियों का व्यवहार, तत्परता और सेवाभाव मरीजों का विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर समझकर पूरी ईमानदारी और समर्पण से काम करें। स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नियुक्त 520 कर्मचारियों में 208 स्टाफ नर्स, 95 पुरुष ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, 94 महिला ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, 25 फार्मासिस्ट, 50 वार्ड बॉय और 48 वार्ड आया शामिल हैं। ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे। इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य विभाग में आवश्यक मानव संसाधन बढ़ेगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवनियुक्त कर्मचारियों की पदस्थापना वाले अधिकांश जिले जनजातीय बहुल हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए बेहतर इलाज में बाधा नहीं बननी चाहिए। दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात स्वास्थ्यकर्मी सेवाभाव और संवेदनशीलता से काम करते हुए आम जनता का विश्वास मजबूत करें। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य मंत्रीगण, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त संजीव झा तथा विभागीय अधिकारी और नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को अवसर
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी 520 पदों पर भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन बढ़ाने के उद्देश्य से डॉक्टरों, नर्सों और अन्य संवर्गों में आगे भी आवश्यकता के अनुसार भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कर्मचारियों से अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर पंडवानी महासम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

