कोरबा (khabarsamvad.com)। जिले में उरगा पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कोरबा और सक्ती जिले से चोरी की चार बाइक बरामद की गई हैं। शोरूम से चोरी हुई बाइक का साइलेंसर भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी से नई एचएफ डीलक्स प्रो बाइक और एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी हुई थीं। चोरों ने शोरूम की छत का टीन और पीछे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत पर उरगा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बरपाली भट्ठी रोड पर घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर (18), निवासी ठरकपुर और विनय कुमार कंवर (19), निवासी पुराना रिस्दा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की। उनके पास से चोरी की बाइक और उसका साइलेंसर बरामद किया गया। आरोपियों ने बैटरियां हसदेव नदी में फेंकने की बात भी बताई। चोरी की दूसरी घटना 25 अक्टूबर को भैंसमा चौक के पास हुई थी, जहां से स्प्लेंडर बाइक क्रमांक सीजी 12 एटी 9778 चोरी हुई थी। पुलिस ने जांच के दौरान महेंद्र चौहान (18), निवासी नगरदा और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से भी दो बाइक चोरी करना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर दोनों बाइक बरामद कर ली गईं। इस तरह कोरबा और सक्ती जिले से कुल चार चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है।

