कोरबा (khabarsamvad.com)। कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए 24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर किया गया था। इसके बाद सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण का काम शुरू किया गया है। निरीक्षण के दौरान मंत्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य व्यवस्थित तरीके से कराने और काम के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश भी दिए। शहर के प्रमुख मार्गों के डामरीकरण से आवागमन आसान होने के साथ ही कोरबा के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी और योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

