रायपुर (khabarsamvad.com)। राजधानी रायपुर प्रेस क्लब परिसर में सदस्यता विवाद को लेकर हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी ने शनिवार शाम प्रेस क्लब पहुंचकर पदाधिकारियों से बदसलूकी की और उन पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसने हवा में गोली चलाई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पलाश तिवारी प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज था। शनिवार को वह प्रेस क्लब पहुंचा और पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी जताने लगा। इसी दौरान उसने कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि शाम करीब पांच बजे उसने हवाई फायरिंग भी की, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। प्रेस क्लब की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे परिसर में हवाई फायरिंग की घटना हुई। शिकायत के मुताबिक, इस घटना से प्रेस क्लब में भय का माहौल बना और शांति भंग हुई। आरोपी पर पिस्टल से गोली चलाने के साथ धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पत्रकारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद प्रेस क्लब परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है। पत्रकारों के संगठन और पदाधिकारियों की सुरक्षा के लिहाज से इस घटना को गंभीर माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
7 वर्षीय मासूम को न्याय दिलाने एकजुट हुआ कोरबा, प्रेस क्लब के कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब

