लोरमी (khabarsamvad.com)। मुंगेली जिले के लोरमी वनांचल क्षेत्र के ग्राम जमुनाही में शनिवार तड़के हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने ग्रामीणों के मकानों को नुकसान पहुंचाया और खूंटे से बंधे मवेशियों को कुचलकर मार डाला। अचानक हुए इस हमले से गांव में दहशत फैल गई। समय रहते ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार तड़के करीब 3 बजे की है। ग्राम जमुनाही निवासी नीलकंठ यादव को हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने घर से बाहर निकलकर टॉर्च की रोशनी में देखा तो हाथियों का बड़ा झुंड उनके मकान की ओर बढ़ रहा था। खतरे को भांपते हुए नीलकंठ ने तत्काल पत्नी और बच्चों को जगाया और उनके साथ घर छोड़कर बस्ती के सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले। इससे उनके परिवार की जान बच गई, लेकिन घर में खूंटे से बंधे मवेशियों को नहीं बचाया जा सका। हाथियों के झुंड ने नीलकंठ यादव के मकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। आसपास के अन्य ग्रामीणों के घरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान खूंटे से बंधे मवेशियों को हाथियों ने पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वन विभाग की टीम मौके पर, मुआवजे की मांग
घटना के बाद जमुनाही और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में भय का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नुकसान का आकलन शुरू किया। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को जल्द मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

