जांजगीर-चांपा (khabarsamvad.com)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के पनगांव में 10 लाख रुपये की उधारी से बचने के लिए दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे ने शराब में सुहागा मिलाकर बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) को पिला दिया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया कि राजा खरे ने करीब चार महीने पहले क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम लौटाने के लिए उसने दो चेक दिए थे, लेकिन दोनों बाउंस हो गए। इसके बाद जोहित लगातार पैसे वापस मांग रहे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दबाव से परेशान होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
घटना 23 अक्टूबर की शाम की है। कुटराबोड़ हेलीपैड के पास चखना दुकान में शराब पीने के बाद जोहितराम खरे और रामखिलावन जांगड़े की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर दिए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि घटना वाले दिन दोनों घूमने निकले थे। शाम करीब 7:30 बजे जोहित की बेटी मनीषा खरे को उनके पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में इलाज के दौरान जोहित ने अपनी बेटी को बताया था कि पनगांव निवासी राजा खरे ने शराब में कुछ मिलाकर उन्हें पिलाया था। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी ने जबरदस्ती शराब पिलाई थी।
पूछताछ में राजा ने बताया कि उसने मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे। इसके बाद उसने जोहित और रामखिलावन को हेलीपैड के पास बुलाया और शराब में अपनी जेब में रखी पुड़िया से सुहागा मिलाकर उन्हें पिला दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने जहरीली शराब पी ली, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। पुलिस की गाड़ी आते देख मुकेश मौके से भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। जोहित की बेटी मनीषा खरे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शिकायत के अनुसार, 23 अक्टूबर को जोहित ने फोन कर राजा से उधार दिए गए 10 लाख रुपये वापस मांगे थे। आरोपी ने शाम को मिलने और रकम लौटाने की बात कही थी। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसने शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया। पूछताछ में आरोपी ने उधारी की रकम लौटाने के दबाव में जोहित की हत्या की योजना बनाने की बात स्वीकार की। हालांकि, उसके इस बयान की पुष्टि जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
शराब की बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है। पुलिस ने राजा खरे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

