कोरबा (khabarsamvad.com)। कोरबा-चांपा मार्ग पर शनिवार देर रात हादसों की वजह से हड़कंप मच गया। उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में धनश्वर श्रीवास की जान चली गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान अनियंत्रित कार भीड़ में घुस गई, जिससे आरक्षक सहित छह लोग घायल हो गए।
नवलपुर के पास देर रात दो बाइक सवारों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धनश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। बाइक दुर्घटना के बाद सड़क पर जमा भीड़ के बीच तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर जा घुसी। कार की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक पुलिस आरक्षक भी शामिल है। इसके बाद कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराकर रुक गई। कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एक अन्य बाइक सवार युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला भी सामने आया है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि दशहरा कार्यक्रमों के कारण देर रात तक सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी हुई थी।
पुलिस जुटा रही जानकारी
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है और हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

