टीकमगढ़ (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में जनसुनवाई के दौरान एक युवक की अनोखी फरियाद चर्चा का विषय बन गई। आमतौर पर लोग कलेक्टर के पास सड़क, बिजली, पानी और अन्य सरकारी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं, लेकिन यहां 22 वर्षीय युवक ने अपनी शादी कराने की गुहार लगा दी। युवक का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग उसके विवाह के लिए आने वाले रिश्तों में बाधा डाल रहे हैं। उसकी शिकायत सुनकर जनसुनवाई में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार कुण्डेश्वर क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसुनवाई में शिवम राय नाम का युवक कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के सामने पहुंचा। उसने अपनी समस्या बताते हुए लिखित आवेदन सौंपा और शादी कराने में मदद की गुहार लगाई। युवक की मांग दूसरे आवेदनों से अलग थी, इसलिए उसका मामला चर्चा में आ गया।
युवक ने आरोप लगाया कि उसकी शादी के लिए रिश्ते आते हैं और लड़की पक्ष के लोग उसे देखने के लिए तैयार भी होते हैं। लेकिन उसके घर पहुंचने से पहले ही वे रास्ते से वापस लौट जाते हैं। शिवम का कहना है कि मोहल्ले के कुछ लोग लड़की पक्ष के लोगों को उसके बारे में गलत बातें बताते हैं, जिससे रिश्ते की बातचीत आगे नहीं बढ़ पाती। शिवम के मुताबिक, इस तरह की परेशानी का सामना उसे कई बार करना पड़ा है। हर बार रिश्ता टूटने से वह परेशान हो चुका है और इसी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर प्रशासन के पास पहुंचा। उसने अपनी शिकायत में मोहल्ले के कुछ लोगों पर जानबूझकर रिश्तों में बाधा डालने का आरोप लगाया है।

