कोरबा (khabarsamvad.com)। जिले के रजगामार में हुई 7 वर्षीय मासूम बालिका की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी पकड़ा गया है जिसने बालिका को सड़क पर गिरे पैसा दिलवाने के बहाने जंंगल ले गया था और उसने मासूम के साथ दरिंदगी की। वारदात को अंजाम देने के बाद वह बीहड़ जंगल के भीतर रिश्तेदार के घर छिपकर बैठा था। उसे पकडऩे पुलिस को करीब 8 किलोमीटर का सफर बाइक व पैदल तय करना पड़ा। पुलिस ने आरोपी का अर्ध मुुंडन कर जुलुस निकाल कोर्ट में पेश किया है।

मिली जानकारी के अनुसार बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ काम की तलाश में रजगामार आया था। परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर रोजी-मजदूरी करता था और इसी से अपना भरण-पोषण कर रहा था। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता ने उसे घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए भेजा था। बच्ची दुकान जाने के लिए निकली, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर रजगामार चौकी में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। खोजबीन में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई, लेकिन दो दिन तक बच्ची का पता नहीं चल सका। गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाडिय़ों में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
रेप और हत्या का केस दर्ज
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि 19 अक्टूबर को लापता हुई बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने टेक्निकल जांच, ह्यूमन इंटेलिजेंस और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया है। एसपी के मुताबिक, पुलिस ने बीएनएस की धारा 302 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

